पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला, फरार तस्कर पप्पू धाकड़ ने स्कॉर्पियो से युवक को मारी टक्कर, आईसीयू में इलाज जारी

Spread the love

नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगोली मार्ग पर सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की जान लेने की कोशिश की गई। कुख्यात तस्कर और लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी पप्पू धाकड़ ने तेज रफ्तार बिना नम्बर की स्कॉर्पियो कार से बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथीपुरा निवासी 26 वर्षीय अशोक धाकड़ अपनी पत्नी को उसके ससुराल छोड़कर बाइक से वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी ने पुरानी दुश्मनी के चलते जानबूझकर अपनी कार से टक्कर मारकर उसे कुचलने का प्रयास किया।

इस भीषण हादसे में अशोक धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने पर उसे तुरंत नीमच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

बताया जा रहा है कि घायल अशोक करीब 15 दिन पहले ही जेल से पैरोल पर बाहर आया था। आरोप है कि आरोपी ने उसकी गतिविधियों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त कर ली है, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार है। इस मामले में घायल युवक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उसका कहना है कि उसने पहले ही अपनी जान को खतरा बताते हुए रतनगढ़ थाने में आवेदन दिया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।

फिलहाल पीड़ित परिवार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा