विवाहिता महिला को ससुराल पक्ष ने खाने में दिया ज़हर, परिजनों के गंभीर आरोप, ज्ञापन सौप लगाई एसपी से न्याय की गुहार

Spread the love

नीमच। जिले में एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को उसके ही ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से ज़हर देकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप है।

पीड़िता के भाई और परिजनों ने इस संबंध में सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँच। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौपा हैं।

ज्ञापन के अनुसार, मनासा तहसील के ग्राम धरमपुरा निवासी लालसिंह चंदेल ने अपनी बहन किरण के साथ हुए अत्याचारों को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि किरण का विवाह सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार दीपक निवासी देपालपुरा मनासा से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को कई बार मारपीट का शिकार बनाया गया और उसे गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया। इस बीच, किरण ने एक पुत्री को जन्म दिया, जिसके बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा बार-बार यह कहा जाता था कि उन्हें “वारिस” नहीं मिला, जिससे विवाद और गहरा गया।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि 24 अप्रैल 2026 को विवाहिता अपने पति के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर ससुराल लौटी थी। इसके अगले दिन 25 अप्रैल की सुबह उसे खाने में ज़हर मिलाकर जबरन खिलाया गया। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के कई सदस्यों ने उसके साथ मारपीट भी की।

घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे मनासा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भर्ती कराने के बाद ससुराल पक्ष मौके से फरार हो गया। बाद में परिजनों को सूचना मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने बताया कि महिला को ज़हर दिया गया है।

पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना उसकी बहन की हत्या की साजिश के तहत की गई है। साथ ही यह भी बताया गया कि पीड़िता की छह माह की बेटी अभी भी ससुराल पक्ष के पास है।

परिजनों ने एसपी से कड़ी कार्रवाई करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा