जीरन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 किलो डोडाचूरा जब्त, बिना नंबर की कार भी बरामद, आरोपी फरार

Spread the love

नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीरन पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा पकड़ा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को जीरन पुलिस द्वारा हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद रंग की एक शेवरले कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और बैरिकेड्स तोड़ते हुए भाग निकला।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया, जिसके बाद चालक कुछ दूरी पर कार को चालू हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर फरार हो गया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे 8 प्लास्टिक कट्टों में भरा हुआ 200 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से वाहन को जब्त कर लिया है।

इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा