नीमच। मध्य प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 15 दिवसीय एंटी नारकोटिक्स ड्राइव अभियान के तहत नारकोटिक्स प्रकोष्ठ नीमच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 लाख 25 हजार रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। कार्रवाई में जयपुर (राजस्थान) के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक रेनॉल्ट क्विड कार भी जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारकोटिक्स प्रकोष्ठ नीमच को सूचना मिली थी कि राजस्थान में सप्लाई के लिए एमडी और डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने महू-नीमच फोरलेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध रेनॉल्ट क्विड कार क्रमांक RJ14-WC-0762 को रोका।
तलाशी के दौरान कार से 01 किलो 496 ग्राम एमडी, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये, तथा 15 किलो 170 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया गया।
मामले में अजितसिंह पिता भंवरसिंह परिहार (33) और देवेंद्र मीणा पिता ग्यारसीलाल मीणा (31), दोनों निवासी वैशाली नगर, जयपुर (राजस्थान), को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 22 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। नारकोटिक्स विंग ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।