हादसे में युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, कंट्रोल रूम के बाहर यादव समाज ने शव रख किया चक्काजाम अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी और मृतक परिवार को आर्थिक सहायता की मांग
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र में उचेड़ और किशनपुरा के बीच मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मुकेश यादव (45) की मौत के बाद बुधवार को यादव समाजजनों और मृतक के परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग कंट्रोल रूम के बाहर शहरी हाईवे पर पहुंचे और मृतक के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार यादव मंडी निवासी मुकेश यादव अपने साथी शेर सिंह यादव (42) के साथ उचेड़ गांव में मिस्त्री का काम निपटाकर बाइक से नीमच लौट रहे थे। किशनपुरा के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुकेश यादव को मृत घोषित कर दिया। शेर सिंह यादव गंभीर घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
मुकेश यादव की मौत की सूचना के बाद बुधवार को परिजन और यादव समाजजन कंट्रोल रूम के बाहर एकत्रित हुए और अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए तथा मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
परिजनों के अनुसार मुकेश यादव परिवार में अकेले कमाने वाले थे और मिस्त्री का काम करके परिवार का गुजर-बसर करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी को लेकर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने सहायता की मांग रखी।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान, तहसीलदार संतोष कुमार, सिटी थाना प्रभारी विजय सागरिया सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर समझाइश दी, जिसके बाद समाजजनों ने घटना को लेकर एक ज्ञापन भी सौपा, प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद समाजजनों चक्काजाम को खोला। इसके बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।