बिना विंडशील्ड 40 सवारियों को लेकर दिल्ली रवाना हुई अशोक ट्रेवल्स की बस, ट्रेवल्स मालिक सहित ट्रैफिक टीआई और आरटीओ पर एफआईआर की मांग, पत्रकारों ने सौपा सीएसपी को ज्ञापन

Spread the love

नीमच। मंदसौर से दिल्ली जा रही अशोक ट्रेवेल्स की गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त बस पंजी क्रमांक MP 14 ZC 9448 को 40 यात्रियों की जान जोखिम में डालकर नीमच से दिल्ली के 690 किलोमीटर लंबे सफर पर रवाना कर दिया गया। बस का मुख्य सामने का कांच (विंडशील्ड) पूरी तरह गायब था, दरवाजा रस्सी से बंधा था और गाड़ी का अलाइनमेंट भी बिगड़ा हुआ था। यात्रियों द्वारा सुरक्षित वाहन की मांग करने पर प्रबंधन और स्टाफ ने अभद्र व्यवहार करते हुए जबरन उसी बस से जाने का दबाव बनाया। मौके पर मौजूद पत्रकारों ने 24 सितंबर 26 गुरुवार में शाम 8.30 बजे से 11.38 बजे तक 3 घंटे तक बस खड़े रहने के दौरान यातायात थाना प्रभारी मलखान सिंह परमार को सूचित किया और आरटीओ नंदलाल गामड़ से संपर्क साधने का प्रयास किया, लेकिन ठोस कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद मौके पर यातायात पुलिस नहीं पहुंची और क्षतिग्रस्त बस को बेरोकटोक रवाना होने दिया गया।
यात्रियों की जान संकट में डालने और कर्तव्य में गंभीर आपराधिक उपेक्षा बरतने पर जिला युवा प्रेस क्लब ने नगर पुलिस अधीक्षक श्री किरण चौहान को शिकायती आवेदन सौंपा है। पत्रकारों ने साक्ष्यों सहित अशोक ट्रेवेल्स प्रबंधन, चालक-परिचालक, यातायात थाना प्रभारी और आरटीओ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, परिवहन मंत्री, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और मानवाधिकार आयोग सहित वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि पांच दिवस के भीतर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकार चरणबद्ध तरीके से समाचार कवरेज करेंगे और सीएम हेल्पलाइन पर व्यापक स्तर पर शिकायतें दर्ज कराएंगे।
इस दौरान जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय, हरीश अहीर, संजय यादव, अविनाश जाजपुरा, गोपाल मेहरा, प्रवीण गोस्वामी, बबलू किलोरिया, धीरज नायक, पंकज मेनारिया, राजा कुरैशी, मोइन शेख, हेमंत मेहरा, रामेश्वर नागदा, भावेश मारू, शुभम नायक, विनोद गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा