सरवानिया चौकी पुलिस का बड़ा एक्शन, 166 किलो डोडाचूरा के साथ कार जब्त, कार में भरकर ला रहे थे नशे का जखीरा, पुलिस ने रास्ते में ही दबोचे दो तस्कर, माल देने वाला फरार
नीमच। जिले में नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जावद थाने की सरवानिया महाराज चौकी पुलिस ने कार्रवाई में 166 किलो अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर तस्करी के नेटवर्क पर सीधा वार किया है।
जावद थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में सरवानिया चौकी प्रभारी नीलेश सोलंकी और पुलिस टीम ने यह कार्रवाई 6 अप्रैल 2026 को उस समय की गई, जब मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की होंडा जैज कार (DL 7 CK 7931) में डोडाचूरा भरकर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने लासुर-बागरेड रोड स्थित गुलानिया भेरूबावजी के पास नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार से 166 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। मौके से दो आरोपी—दिनेश पिता शेराराम जाति जाट (28) और रूघाराम पिता निम्बाराम जाट (32), दोनों निवासी खेड़ापा जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह मादक पदार्थ नीमच के रायसिंहपुरा निवासी कालु उर्फ कारूलाल पिता बंशीलाल बंजारा थाना नीमच सिटी द्वारा उपलब्ध कराया गया था, जिसे पुलिस ने सह-आरोपी बनाते हुए फरार घोषित किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस नेटवर्क के अन्य कड़ियों तक पहुंचने के लिए गहन जांच शुरू कर दी है।
यहाँ आपकी संस्था, दुकान, व्यवसाय का लगवाए विज्ञापन
संपर्क करें- 9340899653