नीमच। जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में शासकीय जमीन पर अतिक्रमण का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है, जहाँ एक पीड़ित द्वारा लगातार 11 बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक चौथमल पिता नंदराम चारण, निवासी रतनगढ़ ने 28 अप्रैल मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में फिर आवेदन देकर आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत आलोरी गरवाड़ा क्षेत्र में स्थित स्कूल की शासकीय भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि खसरा नंबर 75 की लगभग 15000 वर्गफीट भूमि पर गांव के ही किशनलाल चारण, कैलाशचंद्र चारण ने निजी कब्जा कर पक्का निर्माण किया हैं, जिससे सार्वजनिक उपयोग की जमीन प्रभावित हो रही है।
पीड़ित का कहना है कि इस मामले को लेकर वह पहले भी कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवेदन दे चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, आवेदक ने साफ तौर पर बताया कि वह 11 बार आवेदन दे चुका है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
आवेदक ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि शासकीय भूमि को मुक्त कराया जा सके।
अब देखना यह होगा कि लगातार उठ रही इस शिकायत पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और क्या कार्रवाई होती है, या फिर पीड़ित को आगे भी इसी तरह चक्कर लगाने पड़ेंगे।
यहाँ आपकी संस्था, दुकान, व्यवसाय का लगवाए विज्ञापन
संपर्क करें- 9340899653