नीमच। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज नीमच शहर में एक विशाल एवं भव्य ‘वृहद तिरंगा यात्रा’ का स्वागत अत्यंत उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में किया गया। देशप्रेमी नारों और लहराते तिरंगों से सराबोर इस यात्रा का शहर के प्रमुख फव्वारा चौक पर ‘श्री एस. आर. ग्रुप ऑफ कॉलेजेस’ द्वारा अभूतपूर्व एवं भव्य पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया।
इस विशाल तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), गैर-सरकारी संगठनों, सामाजिक क्लबों, भारी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संपूर्ण यात्रा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंगों में रंगा हुआ नजर आया।
जैसे ही यात्रा फव्वारा चौक पहुँची, श्री एस. आर. ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के डायरेक्टर श्री धर्मेश जी तिवारी एवं संस्थान के समस्त स्टाफ ने उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों और आम जनता पर फूलों की बौछार कर उनका भव्य अभिनंदन किया।
संस्थान के डायरेक्टर श्री धर्मेश जी तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता और देशप्रेम का प्रतीक हैं। नीमच की पावन धरा पर निकली यह तिरंगा यात्रा हर नागरिक के दिल में देशभक्ति की लौ प्रज्वलित करती है। इस ऐतिहासिक यात्रा और इसमें शामिल सभी राष्ट्रभक्तों का स्वागत करना हमारे संस्थान के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है।
