जमीन पर ज़बरन कब्जा, अवैध खुदाई और धमकियों का आरोप, पीड़ित ने दिए शिकायती आवेदन

Spread the love

नीमच। जिले के ग्राम सावन से एक जमीन विवाद का मामला सामने आया है, जहां जमीन पर कब्जा, अवैध खुदाई और जान से मारने की धमकियों के आरोप लगे हैं। इस मामले में पीड़ितों ने पुलिस और जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत की हैं।

दरअसल ग्राम सावन निवासी जेतराम पिता देवाजी बलाई और प्रकाश मालवीय ने एक ही मामले को लेकर दो अलग अलग आवेदन देकर बताया कि उनकी गांव में सर्वे नंबर 2352/मिन-2, रकबा 0.500 हेक्टेयर भूमि का पट्टा शासन द्वारा दिया गया था, जिस पर वह लंबे समय से खेती करते चले आ रहे हैं। आरोप है कि गांव के निवासी गोविंद पिता बगदीराम गुर्जर ने जबरन कब्जा किया हुआ है। बताया गया हैं कि पूर्व में गोविंद के पिता को भूमि बटाई पर खेती करने के लिए दी गई थी।

पीड़ित का आरोप है कि अब गोविंद द्वारा जमीन पर जबरन तालाब की खुदाई करवाई जा रही है और मिट्टी खनन कर अवैध रूप से बेचा जा रहा है। शिकायत के अनुसार, 27 अप्रैल की रात करीब 12 बजे खेत पर जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। विरोध करने पर गोविंद ने पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि गोविंद का काका राहुल गुर्जर जो एक पुलिसकर्मी हैं और उसके नाम से डराया-धमकाया जाता है, जिससे पीड़ित मानसिक दबाव में है।

वही आवेदन देकर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि गोविंद और अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, जमीन से कब्जा हटाया जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।

वही इस मामले में पुलिसकर्मी राहुल गुर्जर से फोन पर चर्चा की गई तो उनका कहना है कि जैतराम को भूमि गिरवी रखकर 8 लाख रुपये दिए गए थे। जिसकी लिखापढ़ी भी मौजूद हैं। और अब यह रुपये देने से इंकार कर रहे हैं। जिस भूमि से मिट्टी निकाली जा रही हैं वह मेरे नाम दर्ज हैं जिसपर मैं खुदाई कर सकता हूँ। इनके द्वारा झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा