फैक्ट्री के जहरीले पानी से बर्बाद हो रही फसलें, किसान ने जनसुनवाई में लगाई गुहार, बोतल में फैक्ट्री का प्रदूषित पानी और आवेदन सौपकर कार्यवाही की मांग

Spread the love

नीमच। जिले के जीरन तहसील अंतर्गत ग्राम चल्दू निवासी एक किसान ने अपनी कृषि भूमि में फैक्ट्री के अपशिष्ट और रासायनिक युक्त पानी पहुंचने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कलेक्टर को जनसुनवाई में शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही किसान अपने साथ फैक्ट्री का दूषित पानी भी बोतल में भरकर साथ लाया। किसान का कहना है कि प्रदूषित पानी के कारण उसकी फसलें खराब हो रही हैं, आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और पशुओं के जीवन पर भी खतरा मंडरा रहा है।

शिकायतकर्ता प्रहलाद सिंह चौहान ने बताया कि वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उनके अनुसार क्षेत्र में मंदसौर के व्यक्ति द्वारा संचालित कृपा बायो एथेनॉल फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट और रासायनिक युक्त पानी को खुले रास्ते से बहाया जा रहा है। यह पानी सार्वजनिक नदी में मिलने के साथ-साथ उनकी कृषि भूमि तक पहुंच रहा है, जिससे खेत की मिट्टी और फसलों को नुकसान हो रहा है।

किसान ने आरोप लगाया कि दूषित पानी के कारण खेत में खड़ी फसल लगातार प्रभावित हो रही है और उन्हें भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पर्यावरण प्रदूषित होने से आसपास के पशुओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जहरीले पानी के कारण कई पालतू एवं जंगली पशुओं की मौत होने की बात सामने आई है।

प्रहलाद सिंह का कहना है कि इस संबंध में फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन को पूर्व में भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी व्यक्ति की जान को भी खतरा हो सकता है।

जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के माध्यम से किसान ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर प्रदूषित पानी की निकासी पर रोक लगाने तथा प्रभावित किसानों को राहत दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा