10 वर्षीय विभूति की हनुमान चित्रकला ने जीता दिल, समाजसेवी अशोक अरोरा ने माथे से लगाकर किया सम्मान यह केवल चित्र नहीं, भक्ति, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक — अशोक अरोरा
नीमच। प्रतिभा, संस्कार और श्रद्धा जब एक साथ मिलते हैं, तब वे समाज के लिए प्रेरणा का विषय बन जाते हैं। ऐसा ही एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य नीमच शहर में देखने को मिला, जब 10 वर्षीय बालिका विभूति शर्मा द्वारा बनाई गई भगवान श्री हनुमानजी की सुंदर चित्रकला को वरिष्ठ समाजसेवी अशोक अरोरा ने बड़े सम्मान के साथ अपने माथे से लगाकर उसकी कला, संस्कार और धार्मिक भावना को नमन किया।
जानकारी के अनुसार, विभूति शर्मा प्रतिदिन की तरह अपने साथियों के साथ खेलने निकली थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात वरिष्ठ समाजसेवी अशोक अरोरा से हुई। विभूति ने स्नेहपूर्वक उन्हें रुकने का आग्रह किया और कहा कि वह उनके लिए एक विशेष उपहार लेकर आती हैं। कुछ ही देर बाद वह अपने हाथों से बनाई भगवान श्री हनुमानजी की आकर्षक पेंटिंग लेकर लौटीं और श्रद्धापूर्वक श्री अरोरा को भेंट की।
विभूति द्वारा बनाई गई इस चित्रकला पर जय श्री राम अंकित था, जिसने न केवल उसकी कलात्मक प्रतिभा बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सनातन मूल्यों के प्रति उसकी गहरी श्रद्धा को भी दर्शाया। इस भावपूर्ण उपहार को पाकर समाजसेवी अशोक अरोरा भावुक हो उठे और उन्होंने पेंटिंग को अपने माथे से लगाकर बालिका की प्रतिभा का सम्मान किया।
इस अवसर पर समाजसेवी अशोक अरोरा ने कहा कि यह केवल एक पेंटिंग नहीं, बल्कि एक बालिका के निष्कलुष मन से निकली भक्ति, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक है। आज जब अधिकांश बच्चे मोबाइल और आधुनिक तकनीक में व्यस्त हैं, ऐसे समय में विभूति जैसी बाल प्रतिभाएं कला, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को जीवंत बनाए हुए हैं, जो समाज के लिए गर्व और प्रेरणा की बात है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। विभूति जैसी बच्चियों की कला और संस्कार आने वाली पीढ़ी के लिए सकारात्मक संदेश हैं। श्री अरोरा ने विभूति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।
गौरतलब है कि विभूति शर्मा पांचवीं कक्षा की छात्रा हैं तथा अधिवक्ता दर्शन शर्मा एवं कल्याणी शर्मा की पुत्री हैं। वह श्री किलेश्वर महादेव मंदिर, नीमच के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहलवानी से जिले का नाम रोशन कर चुके वरिष्ठ पहलवान राजेन्द्र शर्मा की पौत्री हैं। कम उम्र में ही विभूति ने अपनी चित्रकला और धार्मिक संस्कारों से समाज का ध्यान आकर्षित किया है।
यहाँ आपकी संस्था, दुकान, व्यवसाय का लगवाए विज्ञापन
संपर्क करें- 9340899653