चॉकलेट की जगह फल बांटकर मनाया जन्मदिन, डॉ. योगेंद्र धाकड़ ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

Spread the love

नीमच। जिला चिकित्सालय के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र धाकड़ ने अपनी 8 वर्षीय पुत्री अनाघा धाकड़ का जन्मदिन इस बार अलग अंदाज में मनाया। परंपरागत चॉकलेट और जंक फूड के बजाय उन्होंने स्कूल में बच्चों को फल वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

डॉ. धाकड़ ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे कम उम्र में ही मोटापा, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और अन्य गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण अनियमित जीवनशैली और जंक फूड का बढ़ता सेवन है। उन्होंने कहा कि चॉकलेट, पिज्जा, बर्गर और नूडल्स जैसे खाद्य पदार्थों में अत्यधिक शुगर, नमक और हानिकारक वसा होती है, जो बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उदाहरण स्वरूप एक छोटी चॉकलेट बार में लगभग 250 कैलोरी होती है, जबकि पोषक तत्व बहुत कम होते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में बच्चों में मोटापे के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जन्मदिन जैसे अवसर को स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ने का निर्णय लिया।

डॉ. धाकड़ ने बताया कि वे इस पहल को आगे बढ़ाते हुए जिले के स्कूलों के प्राचार्यों को पत्र लिखकर जंक फूड पर नियंत्रण और बच्चों को पौष्टिक आहार के प्रति प्रेरित करने का आग्रह करेंगे। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान दें और फलों, सब्जियों तथा साबुत अनाज को प्राथमिकता दें।

डॉ. धाकड़ की इस पहल की शहर में सराहना की जा रही है और इसे बच्चों के स्वास्थ्य की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा