(धीरज नायक)
नीमच। शहर का सबसे व्यस्त मार्ग—डाक बंगला चौराहा से गुप्ता पुलिया तक — इन दिनों ट्रैफिक अव्यवस्था का जीता-जागता नमूना बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि हर दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं, लेकिन जिम्मेदार महकमा मानो कुंभकर्ण की नींद में सोया हुआ है।
सबसे गंभीर स्थिति नीमच नेत्रालय और सिंहल आर्थोपेडिक हॉस्पिटल के बाहर बनी हुई है। इन निजी अस्पतालों के बाहर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर ही कतारों में खड़े रहते हैं। दोनों ओर लंबी पार्किंग से सड़क की चौड़ाई आधी रह जाती है, जिससे आम राहगीरों, मरीजों और बच्चों को रोज जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है।
सड़क पर ‘अराजक पार्किंग’, हादसों को खुला न्योता….
अस्पताल प्रबंधन की मनमानी के चलते सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। कई बार एंबुलेंस तक को रास्ता नहीं मिल पाता। सवाल यह है कि जब रोज जाम की स्थिति बन रही है तो आखिर ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही?
डाक बंगला चौराहा बना ‘एक्सीडेंटल जोन’
तीनों दिशाओं से लगातार वाहनों की आवाजाही और बीच में अव्यवस्थित पार्किंग — यह चौराहा अब एक्सीडेंट जोन में तब्दील हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन न तो ट्रैफिक सिग्नल की सख्ती दिखती है और न ही पुलिस की सक्रियता।
आमजन परेशान, जिम्मेदार मौन
रोजाना लगने वाले जाम से दुकानदारों, मरीजों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पार्किंग की उचित व्यवस्था और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी? या फिर आम जनता को यूं ही ट्रैफिक अव्यवस्था की सजा मिलती रहेगी?
ऐसे में आमजन की प्रशासन से मांग है कि तत्काल इस मार्ग पर सख्त यातायात व्यवस्था लागू की जाए, अस्पतालों को पार्किंग की बाध्यकारी व्यवस्था के निर्देश दिए जाएं और डाक बंगला चौराहे को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इस मामले में जब यातायात प्रभारी सोनू बड़गुजर से फोन पर संपर्क कर चर्चा करनी चाही तो उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया।
यहाँ आपकी संस्था, दुकान, व्यवसाय का लगवाए विज्ञापन
संपर्क करें- 9340899653
Spread the love Post Views: 12 पालसोडा। भारतीय जनता पार्टी कुशाभाऊ ठाकरे मंडल के निर्देशानुसार भाजपा शक्ति केंद्र पालसोड़ा पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धा […]