नीमच कैंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 33 किलो डोडाचूरा के साथ 3 तस्कर दबोचे, नशा कारोबारियों में मचा हड़कंप

Spread the love

नीमच। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच थाना नीमच कैंट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 32.950 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अवैध नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। यह पूरी कार्रवाई रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल के निर्देशन और जिला पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के मार्गदर्शन में थाना नीमच कैंट पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।

केंट पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर थाना नीमच कैंट पर पदस्थ उप निरीक्षक दीवान सिंह चौहान ने टीम के साथ दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 32.950 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई जा रही है।

वही आरोपी दलीप पिता ओमप्रकाश सोनी (35 वर्ष) निवासी ग्राम खाराखेड़ा, थाना टिब्बी, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान), राजू पिता केहर सिंह (30 वर्ष) निवासी ग्राम मलडखेड़ा, थाना टिब्बी, राजस्थान, गुरदीप पिता राजू सिंह (21 वर्ष) निवासी साबुआना, थाना टिब्बी, राजस्थान को मौके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड (PR) प्राप्त किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। मामले में नेटवर्क और अन्य तस्करों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच कैंट सौरभ शर्मा, उप निरीक्षक दीवान सिंह चौहान सहित थाना कैंट पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा