नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से करीब 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक GJ 06 JE 8907) भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सागरिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नीमच-मनासा मार्ग पर नायक कृषि फार्म हाउस के सामने ग्राम गिरदोड़ा के पास घेराबंदी की। इस दौरान राजस्थान की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में रखे दो काले बैगों से लगभग 45 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
कार चालक महेंद्रराम पिता श्यामलाल सुथार (24 वर्ष), निवासी ग्राम बागटा, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया एवं उनकी टीम तथा साइबर सेल नीमच की सराहनीय भूमिका रही।
