इनरव्हील क्लब नीमच की नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान, सेवा और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

Spread the love

नीमच। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवा कार्यों के लिए समर्पित संस्था इनरव्हील क्लब नीमच का शपथ ग्रहण समारोह स्नेह और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा एवं सचिव प्रेरणा शर्मा ने अपना कार्यभार वर्ष 2026-27 की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिम्मी सलूजा एवं सचिव अल्का श्रीवास्तव को सौंपा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष चित्रा परिहार एवं मुख्य अतिथि डीएसपी हेमलता अग्रवाल द्वारा माँ सरस्वती तथा इनरव्हील की संस्थापक ओलिवर गोल्डी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संस्था की पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। पूर्व अध्यक्ष सरोज गांधी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

निवर्तमान अध्यक्ष अमरजीत कौर छाबड़ा ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट स्तर पर मिले 21 पुरस्कार क्लब के सभी सदस्यों की टीम भावना और सेवा कार्यों का परिणाम हैं। वहीं निवर्तमान सचिव प्रेरणा शर्मा ने वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, मोतियाबिंद ऑपरेशन, सिंधी शाला में शौचालय निर्माण, फर्शीकरण और जल संरक्षण सेमिनार जैसे सेवा कार्यों की जानकारी दी।

इनरव्हील की परंपरा के अनुसार निवर्तमान पदाधिकारियों ने नई कार्यकारिणी को कॉलर पिन पहनाकर पदभार सौंपा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिम्मी सलूजा ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वहन पूरी मेहनत, लगन और निष्ठा के साथ करते हुए जरूरतमंदों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी।

समारोह के दौरान प्रभात फेरी में नियमित रूप से शामिल होने वाली 15 महिलाओं को रेनकोट वितरित किए गए। साथ ही एक जरूरतमंद दिव्यांग को ट्राइसाइकिल तथा एक छात्रा को साइकिल पूर्व अध्यक्ष तृप्ति दुआ के सहयोग से भेंट की गई।

सीसीसी चेयरमैन संगीता जोशी ने इस वर्ष की अंतरराष्ट्रीय थीम “फूलो, फलो और आगे बढ़ो” की जानकारी देते हुए सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अध्यक्ष चित्रा परिहार ने महिलाओं से समाज में फैली बुराइयों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

मुख्य अतिथि डीएसपी हेमलता अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में छोटी-छोटी मदद करने का संकल्प ले, तो वही सच्ची समाज सेवा होगी और मानव जीवन सार्थक बन सकेगा।

इस अवसर पर डीएसपी हेमलता अग्रवाल, अर्पिता मित्तल एवं दिव्या गोयल को इनरव्हील क्लब की सदस्यता प्रदान करते हुए पिन पहनाई गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्व अध्यक्ष सरोज गांधी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन तृप्ति दुआ ने किया तथा अंत में सचिव अल्का श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा