नीमच में सोने की ठगी: बहाने से घर में घुसकर किया गुमराह, लाखों का सोना पार, सप्ताह भर बाद भी कार्रवाई ठंडे बस्ते में!

Spread the love

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। तंत्र-मंत्र और अनहोनी का डर दिखाकर एक शातिर महिला ने दूसरी महिला को ऐसा झांसा दिया कि करीब 8 तोला सोना लेकर फरार हो गई।

ऐसे रचा गया ठगी का जाल

सूत्र बताते हैं कि घटना करीब सप्ताह भर पुरानी बताई जा रही है। पीड़िता अपने घर के बाहर बैठी थी, तभी एक अंजान महिला वहां पहुंची और मीठी-मीठी बातों में उलझाने लगी। धीरे-धीरे विश्वास जीतते हुए वह घर के अंदर तक पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने घर में तंत्र-मंत्र होने और परिवार पर अनहोनी का साया होने की बात कहकर डर का माहौल बनाया। फिर उसने ‘उपाय’ के नाम पर घर में रखे सोने के आभूषणों को मक्के की पोटली में रखने को कहा।

डरी-सहमी पीड़िता उसकी बातों में आ गई और करीब 8 तोला सोना पोटली में रख दिया। शातिर महिला ने पोटली को 1 घण्टे बाद खोलने की कहा, बस फिर क्या था—मौका मिलते ही शातिर महिला सोना लेकर चंपत हो गई। जब तक पीड़िता को कुछ समझ आता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

“पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल”

घटना के बाद सिटी थाने में शिकायती आवेदन दिया, यहाँ तक कि मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में भी पहुँचा, लेकिन हैरानी की बात यह है कि करीब 8 दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही आरोपी महिला पकड़ में आई। इतनी बड़ी ठगी के बाद भी पुलिस की सुस्ती चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस मामले में सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान से जानकारी लेनी चाही तो कोई सन्तुष्टपूर्ण जवाब नहीं मिल पाया।

वहीं सीएसपी किरण चौहान ने ठगी की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि ठगी की घटना हुई तो है। लेकिन अभी मैं बाहर हूं।

एडिशनल एसपी नवलसिंह सिसोदिया ने बताया कि मामले की जांच जारी हैं।

अब बड़ा सवाल हैं कि लाखों के सोने की ठगी, आरोपी फरार, और 8 दिन बाद भी कार्रवाई शून्य—आखिर जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या पीड़िता को न्याय मिलेगा या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा