मनासा में बाबा साहब के नाम का सर्कल, लेकिन प्रतिमा गायब — बहुजन समाज में आक्रोश, कलेक्टर से शीघ्र स्थापना की मांग

Spread the love

नीमच। मनासा शहर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज सर्कल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि सर्कल का नाम तो बाबा साहब के नाम पर दर्ज है, लेकिन वहां अब तक उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है। इसे लेकर बहुजन समाज में तीव्र नाराजगी देखी जा रही है।

इस संबंध में ओमप्रकाश कंडारा (आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष), ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नाम आवेदन सौंपकर मांग की है कि मनासा के उक्त सर्कल पर अविलंब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाए। आवेदन में कहा गया है कि मनासा के ऑनलाइन नक्शे में सर्कल का नाम बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के नाम से दर्शाया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत में वहां किसी अन्य नेता की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है, जो बहुजन समाज की भावनाओं के साथ अन्याय है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले कई वर्षों से मनासा क्षेत्र के विभिन्न बहुजन संगठनों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

दिए गए आवेदन में कहा गया है कि केवल नामकरण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस स्थान पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करना आवश्यक है। अन्यथा यह हजारों अनुयायियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ माना जाएगा। आवेदन में प्रशासन पर बहुजन समाज के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।

अंत में कलेक्टर से आग्रह किया गया है कि मनासा के समस्त बहुजन समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र से शीघ्र डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा संबंधित सर्कल पर स्थापित कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मांग पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा