नीमच। अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 18 व 19 फरवरी को खनिज अधिकारी गजेंद्रसिंह डावर के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने जावद क्षेत्र के दामोदरपुरा, केसरपुरा व सिंगोली क्षेत्र में दबिश देकर 4 डंपर और 1 जेसीबी मशीन जब्त की हैं।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से मिट्टी एवं एम-सैंड का परिवहन करते वाहन पकड़े गए। सभी वाहनों को नियमानुसार जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित खड़ा कराया गया है तथा मध्यप्रदेश खनिज नियम 2022 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जब्त वाहनों के रजिस्ट्रेशन क्रमांक
RJ06GB8742, RJ09GE8906, MP21H1914, RJ09GD2255 (डंपर व ट्रेलर), और RJ32EA0876 (जेसीबी)।
इन सभी वाहनों को मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत जब्त कर पुलिस थाना नयागांव चौकी एवं सिंगोली थाना में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
सूत्रों की मानें तो क्षेत्र में लंबे समय से खनन माफियाओं का जाल सक्रिय था, जो प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर सरकारी राजस्व को चूना लगा रहे थे।
खनिज अधिकारी श्री डावर की सख्त निगरानी और सक्रिय नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह सख्ती जारी रही तो अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यहाँ आपकी संस्था, दुकान, व्यवसाय का लगवाए विज्ञापन
संपर्क करें- 9340899653