नीमच जिले में रंगतेरस को लेकर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में निकाला फ्लैग मार्च, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से होगी हर हरकत पर नजर

Spread the love

नीमच। रंगतेरस के त्यौहार को लेकर नीमच जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले में कानून व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं, वहीं ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 को नीमच सिटी, बघाना, मनासा, कुकड़ेश्वर, जावद, रतनगढ़ और सिंगोली थाना क्षेत्रों में रंगतेरस का पर्व मनाया जाएगा, जहां परंपरागत रूप से गैर भी निकाली जाएगी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अधिकारियों और थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।

सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में जावद में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया और लोगों से त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। वहीं एसडीओपी रोहित राठौर ने गैर आयोजकों की बैठक लेकर उन्हें शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समझाइश दी।

इसी तरह नीमच केंट और नीमच सिटी क्षेत्र में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान तथा मनासा क्षेत्र में प्रभारी एसडीओपी निकीता सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि रंगतेरस के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा