नीमच। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारी सीजन शुरू होते ही शहर में बाजारों की रौनक बढ़ने लगी है, लेकिन इसी के साथ अस्थायी अतिक्रमण भी अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगा है। शहर के व्यस्त प्लाटूनम चौराहे के पास खुर्शीद टॉकीज के बाहर फुटपाथ और सड़क तक फैला अतिक्रमण प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रहा है।
यहां दिल्ली धमाका राखी सेल, साहू सेल और यूनिक सेल MP-44 सहित कई अस्थायी दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान फुटपाथ से आगे बढ़ाकर सड़क तक सजा दिया है। हालात ऐसे हैं कि जहां पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथ पर पूरी तरह कब्जा हो चुका है, वहीं सड़क का हिस्सा भी दुकानों की वजह से संकरा होता जा रहा है।
त्योहारी खरीदारी के चलते बाजार में हर दिन लोगों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों के दौरान इस मार्ग पर भारी जाम और यातायात अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यह मार्ग फॉर जोरो, विजय टॉकीज चौराहा और शहर के मुख्य बाजार को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है। इसके बावजूद सड़क और फुटपाथ पर फैलते अतिक्रमण पर न तो नगर पालिका की नजर पड़ रही है और न ही यातायात विभाग कोई प्रभावी कार्रवाई करता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने अभी सख्ती नहीं दिखाई तो त्योहारी भीड़ के दौरान यह अतिक्रमण दुर्घटनाओं और लंबे ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बन सकता है।
शहरवासियों ने नगर पालिका और यातायात पुलिस से मांग की है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने की विशेष कार्रवाई की जाए।