जावद पुलिस ने नशे के विरुद्ध की कार्रवाई, 35 किलो डोडाचूरा के साथ आरोपी गिरफ्तार, नशा तस्करी पर कड़ा प्रहार

Spread the love

नीमच। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 35 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौड़ के निर्देशन में थाना जावद प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में टीम द्वारा कार्रवाई की गई।

दिनांक 4 मई 2026 को पुलिस टीम ने अठाना-सुखानंदजी रोड पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑल्टो कार (क्रमांक MP-14-CC-3671) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे चार बैगों से कुल 35 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से आरोपी महेश पिता रामदयाल मेघवाल (31 वर्ष), निवासी ग्राम गणेशपुरा थाना कुकड़ेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब इस मामले में डोडाचूरा के स्रोत और इससे जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। संभावना जताई जा रही है कि यह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा मामला हो सकता है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोज सिंह जादौन, उपनिरीक्षक तुलसीराम चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही, जिनकी सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा