सरवानिया महाराज :- नगर परिषद के गठन को कई वर्ष हो चुके हैं, लेकिन शहर में आज भी बस स्टॉप जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है। नगर परिषद की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है और रोजाना यात्री इस असुविधा का सामना कर रहे हैं। प्रतिदिन नीमच, कोटा, मनासा और जावद जैसे प्रमुख मार्गों पर आवागमन करने वाले यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। न तो बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही धूप-बारिश से बचाव के लिए कोई शेड उपलब्ध है। मजबूरी में लोग दुकानों के बाहर खड़े रहने को विवश हैं। स्थिति और भी गंभीर तब हो जाती है, जब बसें कहीं भी रोककर यात्रियों को उतार देती हैं। इस अव्यवस्था के कारण यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। नगर परिषद द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में प्रतीक्षालय का निर्माण जरूर किया गया है, लेकिन उसके पास ही सार्वजनिक शौचालय होने के कारण वहां अत्यधिक बदबू रहती है, जिससे यात्री वहां बैठना पसंद नहीं करते। इस कारण यह सुविधा भी प्रभावहीन साबित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सकलेचा विकास कार्यों के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि व नगर परिषद की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। यही वजह है कि कई वर्षों बाद भी शहर को एक साधारण बस स्टॉप जैसी आवश्यक सुविधा नहीं मिल पाई है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में जल्द से जल्द व्यवस्थित बस स्टॉप, स्वच्छ प्रतीक्षालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और नगर की व्यवस्थाएं बेहतर हो सकें।
इनका कहना –
जहाँ पर यात्री प्रतीक्षालय बनाया गया है, वहीँ गाड़ियां रुकें। इसके लिए नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन को इस विषय में अवगत करवाया जाएगा। इससे जनता को सुविधा मिलेगी और नगर में एक अच्छी व्यवस्था बनेगी। – हेमंत पुरोहित, भाजपा नगर अध्यक्ष, सरवानिया महाराज।
हमारी तरफ से कई बार शांति समिति की बैठकों और अन्य बैठकों में यह बात रखी गई है कि बस स्टैंड पर बनाए गए तिरंगा चौक को बस रुकने के स्टॉप के रूप में विकसित किया जाए, जिससे दोनों तरफ से बसें रुक सकें। साथ ही, आसपास मौजूद अतिक्रमण को नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन द्वारा देखना चाहिए। – भूपेश कुमार देवड़ा, मंडल उपाध्यक्ष, सरवाानिया मोरवन।
नगर में कोई आधिकारिक बस स्टॉप नहीं है। जनता को बस स्टॉप की अच्छी सुविधा मिलनी चाहिए। बस स्टैंड पर भी जगह उपलब्ध है, नगर परिषद को वहाँ एक अच्छा प्रतीक्षालय और बस स्टॉप बनाना चाहिए। – अशोक राठौर, पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड नंबर 2 सरवानिया महाराज।
लोगों को आने-जाने में सुविधा मिल सके, इसके लिए नगर परिषद द्वारा उपयुक्त स्थान तय किया जाना चाहिए। पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद ही इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा। इस संबंध में मैं नगर परिषद से बात करूंगा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस चौकी पर भी चर्चा करूंगा। – अर्जुन माली, मंडल अध्यक्ष, सरवानिया मोरवन।
आपके माध्यम से हमें जानकारी मिली है। यदि वहाँ वास्तव में ऐसी आवश्यकता है, तो अति शीघ्र नगर परिषद एवं पुलिस चौकी के माध्यम से अतिक्रमण हटाकर जनता को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। – रूपेंद्र जैन नगर परिषद अध्यक्ष सरवानिया महाराज।
यहाँ आपकी संस्था, दुकान, व्यवसाय का लगवाए विज्ञापन
संपर्क करें- 9340899653
Spread the love Post Views: 780 दबंग मालवा-मंदसौर। पुलिस अधीक्षक जिला मंदसौर अनुराग सुजानिया द्वारा महिला संबंधी गंभीर घटनाओ में तुंरत संज्ञान लेकर प्रभावी कार्यवाही […]