सरवानिया महाराज में नगर परिषद पर घमासान: जमीन सौदों से लेकर अधूरे काम तक, फैसलों पर उठे तीखे सवाल

Spread the love

सरवानिया महाराज। नगर परिषद एक बार फिर विवादों के घेरे में है। एक तरफ विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, वहीं दूसरी ओर सुरक्षित और सार्वजनिक जमीनों के उपयोग में बदलाव व नीलामी के फैसलों ने नगर में भारी असंतोष पैदा कर दिया है। पार्षदों से लेकर आम जनता तक परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

नियमों को दरकिनार कर नीलामी!

मार्च 2024 में सुरक्षित पंचायत भूमि को तोड़कर दुकानों के लिए भूखंड तैयार कर नीलामी कर दी गई। आरोप है कि पूरी प्रक्रिया नियमों के खिलाफ थी। कई खरीदारों ने समय पर भुगतान नहीं किया, बावजूद इसके प्रक्रिया पूरी कर दी गई। दो साल बाद भी निर्माण अधूरा है और पट्टा पंजीयन तक पूरा नहीं हुआ, जिससे परिषद को राजस्व नुकसान हो रहा है।

लाखों का अस्पताल बना बेकार ढांचा

वार्ड 15 में बना स्वास्थ्य केंद्र आज तक शुरू नहीं हो सका। गलत लोकेशन के कारण एम्बुलेंस पहुंचना मुश्किल है। खाली पड़े भवन में तोड़फोड़ से कांच, पाइप और खिड़कियां टूट गईं—लाखों का नुकसान अलग।

गेट निर्माण पर कोर्ट का स्टे

वार्ड 11 में गेट निर्माण शुरू हुआ, लेकिन विवाद के चलते मामला कोर्ट पहुंच गया। स्टे मिलने के बाद काम पूरी तरह रुक गया है।

स्कूल मैदान पर बवाल….

वार्ड 1 में स्कूल के पास हाट बाजार के लिए भूखंड काटने के प्रस्ताव ने माहौल गरमा दिया है। यह मैदान वर्षों से सामाजिक और खेल गतिविधियों का केंद्र रहा है, जिसे खत्म करने के खिलाफ लोग और पार्षद खुलकर विरोध कर रहे हैं।

बड़ा खरा मैदान भी विवाद में…

अब वार्ड 6 का बड़ा खरा मैदान भी निशाने पर है। यहां हाट बाजार और भूखंड उपयोग का प्रस्ताव 23 तारीख की बैठक में रखा जाना है, जबकि यह जगह डोम और पार्किंग के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सरवानिया महाराज में विकास के नाम पर लिए जा रहे फैसलों ने अब बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। जमीन, निर्माण और योजनाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब नजरें 23 तारीख की बैठक पर टिकी हैं—जहां यह तय होगा कि विवाद थमेगा या और भड़केगा।

क्या कहा जिम्मेदारों ने….

―स्कूल मैदान के पास की जमीन परिषद की है और वहां क्या बनाना है, यह परिषद तय करेगी। वार्ड 6 में हाट बाजार प्रस्तावित है और टीन शेड बनेगा, जिसकी स्वीकृति विधायक से मिली है। 23 तारीख की बैठक में प्रस्ताव पास होगा। वार्ड 15 का स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ्य विभाग का है और जल्द लोकार्पण होगा। गेट निर्माण कोर्ट स्टे के कारण रुका है। भूखंडों की 2% लीज राशि जमा हो रही है, जहां नहीं हुई है, वहां जांच करवाई जाएगी।
राकेश चौहान, प्रभारी सीएमओ, नगर परिषद सरवानिया महाराज

―स्कूल मैदान पूरी तरह सुरक्षित है, पास की जमीन परिषद की है। यहां सांदीपनी विद्यालय का भूमि पूजन जल्द होगा। बड़ा खरा डोम सरकार की देन है और पार्किंग का ध्यान रखते हुए आगे निर्माण होगा। अस्पताल में कुछ कमियां हैं, जिन्हें सुधारने के लिए पत्र लिखे गए हैं। गेट निर्माण कोर्ट स्टे के कारण रुका है। भूखंड किराया लागू है, लेकिन स्थिति परिषद से ही स्पष्ट होगी।
रूपेंद्र जैन, अध्यक्ष नगर परिषद, सरवानिया

मेरे वार्ड में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। स्कूल मैदान को सुरक्षित रखा जाए और हाट बाजार के लिए दूसरी जगह खोजी जाए।

जगदीश राठौर, पार्षद वार्ड नम्बर―1

―गेट निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन कोर्ट स्टे के कारण काम बंद हो गया। अब फैसला आने के बाद ही काम शुरू होगा।
रामलाल राठौर, उपाध्यक्ष पार्षद (वार्ड 11)

―अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन लोकार्पण बाकी है। तोड़फोड़ से नुकसान हुआ है। ठेकेदार ने अभी तक हैंडओवर नहीं किया, वही सुधार करेगा।
अर्जुन पाल, पार्षद प्रतिनिधि (वार्ड 15)

―बड़ा खरा डोम परिसर में निर्माण योजना की जानकारी है, लेकिन पार्किंग की जमीन को हाट मैदान के नाम पर बेचना गलत है। ऐसा हुआ तो विरोध करेंगे।
अनिल राठौर, पार्षद प्रतिनिधि (वार्ड 6)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा