18 साल का भरोसा टूटा: मुनीम ने मालिक को लगा दिया धीरे― धीरे लाखों का चूना, CCTV में कैद हुआ ‘अंदरूनी खेल’, पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

Spread the love

नीमच। जिले के जावद कस्बे में एक ज्वेलरी व्यापारी के साथ बड़ा विश्वासघात सामने आया है। एमएल ज्वैलर्स के संचालक राजेश सोनी ने जिस कर्मचारी पंकज कुमार बिकानेरिया पर करीब 18 साल तक पूरा भरोसा किया, वही कर्मचारी धीरे-धीरे दुकान से सोना-चांदी के जेवर और नकदी पार करता रहा।

जानकारी के मुताबिक, पंकज लंबे समय से दुकान का पूरा काम संभाल रहा था—चाबी रखना, ग्राहकों को गहने दिखाना, तौलना और कैश का हिसाब तक उसी के जिम्मे था। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने चोरी का खेल शुरू किया। शुरुआत में किसी को भनक नहीं लगी, लेकिन जब दुकान के स्टॉक और नकदी में गड़बड़ी सामने आने लगी तो व्यापारी को शक हुआ।

इसके बाद पुराने CCTV फुटेज और 2021-22 के डीवीआर की रिकॉर्डिंग खंगाली गई, जिसमें पंकज की संदिग्ध हरकतें सामने आईं। वह मौके का फायदा उठाकर जेवर और नकदी निकालता नजर आया। जब पूरा हिसाब-किताब मिलाया गया तो करीब 10 लाख रुपए की हेराफेरी सामने आई।

मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने नौकरी छोड़ने के बाद पास में ही अपनी नई ज्वेलरी दुकान खोल ली। एक मामूली वेतन पर काम करने वाले कर्मचारी द्वारा अचानक दुकान खोलना व्यापारी के शक को और पुख्ता कर गया।

बताया जा रहा है कि मामले को पहले समाज स्तर पर सुलझाने की कोशिश भी की गई। बैठक में आरोपी और उसके पिता ने रकम लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन समय बीतने के बाद भी ना पैसा लौटा और ना ही जेवर।

आखिरकार पीड़ित व्यापारी राजेश सोनी ने जावद थाने में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 381 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की हैं। वही जानकारी यह भी सामने आई हैं कि सोमवार शाम को आरोपी की गिरफ्तारी हो गई हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज और पुराने बही-खातों की जांच कर रही है, ताकि हेराफेरी की पूरी रकम और सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा