नशे के खिलाफ फुटबॉल का मैदान बनेगा जनजागरण का मंच, 26 जुलाई से शुरू होगा पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट

Spread the love

नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के तहत नीमच पुलिस युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे के खिलाफ जागरूक करने की अनूठी पहल करने जा रही है। जिसको लेकर शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि 26 जुलाई से दशहरा मैदान, नीमच में पांच दिवसीय पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन होगा, जिसमें जिले की 16 फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी।

एसपी ने कहा कि प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चल रहे “नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0” का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है। इसी उद्देश्य को लेकर नीमच पुलिस लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

एसपी राजेश व्यास ने बताया कि अभियान के तहत खेलो से जुड़ो, नशे को छोड़ो थीम पर पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता 26 जुलाई से प्रारंभ होकर 30 जुलाई को फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न होगी। टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में फुटबॉल क्लबों के प्रतिनिधियों की बैठक भी आयोजित की जा चुकी है, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई।

प्रतियोगिता में अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब, एनएफए, यूनियन, ईगल फुटबॉल क्लब, फ्रेंड्स क्लब, नीमच ब्रदर्स, नीमच सिटी फुटबॉल क्लब, सिटी स्पोर्ट्स, ग्वालटोली फुटबॉल क्लब, अहीर क्राउन फुटबॉल क्लब, यंग स्टार फुटबॉल क्लब, चर्चिल फुटबॉल क्लब, एनएफसी, सिटी यूनियन फुटबॉल क्लब, हीरोज फुटबॉल क्लब और राज फुटबॉल क्लब सहित कुल 16 टीमें भाग लेंगी।

नीमच पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा