भाई पर लगाया फर्जी दस्तावेजों से मकान हड़पने का आरोप, कलेक्टर से पट्टा निरस्त करने की लगाई गुहार, पीड़ित ने कहा— फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर अपने नाम करा लिया पट्टा, अब परिवार को घर से बेदखल करने की दे रहा धमकी

Spread the love

नीमच। जिले के जावद तहसील क्षेत्र से पारिवारिक संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है। रुपपुरा निवासी रामगोपाल पिता जगन्नाथ सेन ने कलेक्टर कार्यालय जनसुनवाई में आवेदन देकर अपने ही भाई कमलाशंकर पिता जगन्नाथ सेन पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आवासीय भूमि का पट्टा अपने नाम जारी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित रूप से फर्जी तरीके से जारी किए गए पट्टे को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, कमलाशंकर ने कथित रूप से राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और उन्हीं के आधार पर सर्वे नंबर से संबंधित आवासीय भूमि का पट्टा अपने नाम जारी करा लिया। जबकि पीड़ित का कहना है कि वह लंबे समय से उक्त मकान पर कब्जे के साथ रह रहा है और उसका इस संपत्ति पर वैध अधिकार है।

रामगोपाल ने आरोप लगाया कि मजदूरी के सिलसिले में गांव से बाहर रहने का फायदा उठाकर यह पूरा खेल रचा गया। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन अब आरोपी भाई और उसका परिवार उन्हें मकान से बेदखल करने का दबाव बना रहा है।

पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि फर्जी दस्तावेजों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा