VIP स्पा सेंटर संचालक पर महिला के आरोप, बोली– पति को नशे का आदी बनाकर किया बर्बाद, गोवा का मोस्ट वांटेड डिसूजा, बाहरी लड़कियों से करवा रहा अवैध गतिविधियां

Spread the love

नीमच। शहर में संचालित एक कथित VIP स्पा सेंटर अब गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। पुलिस अधीक्षक को बुधवार को दिए गए आवेदन में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति को स्पा सेंटर संचालक ने पहले अपने संपर्क में लिया, फिर नशे का आदी बनाकर गलत गतिविधियों में फंसा दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अब उसके पति को कथित आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा है।

महिला द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार उसका पति योगेश बागड़ी, जो पहले मेलों में मोबाइल कवर और एक्सेसरीज की दुकान लगाकर परिवार चलाता था, जनवरी 2026 में राज उर्फ मोनू उर्फ डिसूजा नामक व्यक्ति के संपर्क में आया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उक्त व्यक्ति नीमच में एक अवैध VIP स्पा सेंटर संचालित करता है, जहां बंगाल और नेपाल की लड़कियों को लाकर अनैतिक गतिविधियां कराए जाने की बात कही गई है।

महिला का दावा है कि इसी संपर्क के बाद उसके पति की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। वह घर से दूर रहने लगा, नशे का आदी हो गया और परिवार आर्थिक व मानसिक संकट में आ गया। महिला ने आवेदन में लिखा है कि उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बच्चा बोल और सुन नहीं पाता, जबकि दूसरा अभी मात्र तीन माह का है। ऐसे में परिवार पूरी तरह टूटने की कगार पर पहुंच गया है।

महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी आशंका जताई है कि उसके पति के कुछ कथित आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। साथ ही उसने यह डर भी जताया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसका पति किसी बड़े अपराध या हादसे का शिकार हो सकता है।

महिला ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि स्पा सेंटर और उससे जुड़े लोगों की गहन जांच कर कार्रवाई की जाए तथा उसके पति को गलत प्रभाव और ब्लैकमेलिंग से मुक्त कराया जाए।

आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा