नीमच। जावद थाना अंतर्गत आने वाले अठाना में शनिवार सुबह पति पत्नी की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली हैं। झोपड़ी बनाकर रह रहे दंपति रात्रि में सोए और सुबह उनकी मौत हो गई। जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस मौक़े पर पहुँची, जहाँ मौका पंचनामा बनाकर शवों को नीमच जिला अस्पताल भिजवाया जहाँ शव परीक्षण की प्रक्रिया की गई। मिली जानकारी अनुसार मृतक अनिल पिता कालूराम गामड़ उम्र 25 वर्ष मूल निवासी ग्राम देवला थाना रावटी जिला रतलाम व उसकी पत्नी पानूबाई मजदूरी करने जावद के अठाना आए हुए थे, जहाँ अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। मृतकों के परिजनों से मिली जानकारी अनुसार दोनों पति-पत्नी मजदूरी कर जीवन व्यापन करने आए थे। उनके बीच किसी प्रकार का विवाद नही था। मृतिका पत्नी पानुबाई ग्राम अमरपुरा कल्याण की थी। जिसका विवाह अनिल के साथ बीते आठ माह पूर्व हुआ था। परिजनों के अनुसार दोनों के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या जहरीले जानवर के काटने के निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यहाँ आपकी संस्था, दुकान, व्यवसाय का लगवाए विज्ञापन
संपर्क करें- 9340899653