नीमच। श्री एस. आर. ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, नीमच में सोमवार को 11 दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। गणपति बप्पा के आगमन को लेकर कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए बप्पा का भव्य स्वागत किया। आतिशबाजी एवं जयकारों से पूरा कॉलेज परिसर भक्तिमय एवं उत्सवमय हो गया।
गणेश उत्सव के शुभारंभ अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर, प्राचार्य एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यार्थियों और स्टाफ ने विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भगवान श्री गणेश की स्थापना कर उत्सव की शुरुआत की।
कॉलेज परिसर में आगामी 11 दिनों तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी, जिससे उनमें आपसी सहयोग, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलेगा।
गणेश उत्सव के शुभारंभ पर कॉलेज प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ कॉलेज परिसर में सकारात्मक और आनंदमय वातावरण का निर्माण करते हैं।
“गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंजा कॉलेज परिसर और श्रद्धा एवं उत्साह के साथ 11 दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ हुआ।