पानी की समस्या पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, नई पाइपलाइन नहीं बिछी तो कलेक्टर कार्यालय पर धरने की चेतावनी, पार्षद किरण शर्मा ने रहवासियों को किया आश्वस्त

Spread the love

नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित बगीचा नंबर 10 में पेयजल संकट को लेकर शुक्रवार को रहवासी महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। वर्षों से पर्याप्त पानी नहीं मिलने और गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान लोगों ने वार्ड पार्षद श्रीमती किरण शर्मा को मौके पर बुलाकर अपनी समस्या से अवगत कराया।

रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में दो दिन में केवल एक बार और वह भी महज 10 मिनट तक ही नलों में पानी आता है, जिससे परिवारों की दैनिक जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं। कई बार गंदा और दूषित पानी आने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।

मौके पर पहुंचीं वार्ड पार्षद श्रीमती किरण शर्मा ने नगर पालिका के पेयजल (जलकल) विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल मौके पर बुलाया। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि अमृत 0.2 योजना के तहत वार्ड को अब तक क्यों नहीं जोड़ा गया, जबकि इस संबंध में पूर्व में आवेदन भी दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई कार्य शुरू नहीं हुआ।

रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे नगर पालिका के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान वार्ड पार्षद श्रीमती किरण शर्मा ने रहवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह नगर पालिका सीएमओ और अध्यक्ष से चर्चा कर जल्द से जल्द नई पाइपलाइन डालने एवं पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराने का प्रयास करेंगी, ताकि वार्डवासियों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा