गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने व गौहत्या पर देशभर में समान कानून की मांग, 27 अप्रैल को सौंपे जाएंगे प्रार्थना पत्र…

Spread the love

रिपोर्ट ―सुनिल माली
सरवनिया महाराज। गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने तथा पूरे देश में गौहत्या पर एक समान सख्त कानून लागू करने की मांग को लेकर आगामी 27 अप्रैल को सम्मान दिवस आवाहन अभियान के तहत देशभर में प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। अभियान के तहत प्रत्येक तहसील, ब्लॉक, अनुमंडल एवं जिला मुख्यालय पर पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से उच्च संवैधानिक पदाधिकारियों के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार इस दिन तहसीलदार, ब्लॉक अधिकारी, अनुमंडल अधिकारी एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इन अधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री, महामहिम राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम प्रार्थना पत्र भेजे जाएंगे, जिसमें गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने और पूरे भारत में गौहत्या पर एक समान कानून लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए सरवनिया महाराज क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में गोसेवक और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को अभियान की जानकारी दे रहे हैं तथा अधिक से अधिक लोगों को इसमें सहभागी बनने का आह्वान कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। 27 अप्रैल को बड़ी संख्या में लोग तहसील एवं जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपेंगे, ताकि उनकी मांगें शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें और इस विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित हो सके। अभियान से जुड़े लोगों का मानना है कि गाय भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए इसे राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाना चाहिए तथा गौहत्या पर पूरे देश में एक समान और सख्त कानून बनाया जाना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा