बाछड़ा समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोश, 7 फरवरी को माननखेड़ा में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन

Spread the love

नीमच/ रतलाम। दिनांक 30 जनवरी 2026 को जीवन सिंह एवं उसके साथियों द्वारा किए गए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान बाछड़ा समाज के विरुद्ध की गई अशोभनीय, अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियों से बाछड़ा समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शन के दौरान पूरी बाछड़ा समाज को देह व्यापार से जोड़कर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने का प्रयास किया गया, जिससे समाज की भावनाएँ गहरी रूप से आहत हुई हैं।

इस घटना के विरोध में एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई की माँग को लेकर विमुक्त युवा संघठन मध्यप्रदेश के बैनर तले बाछड़ा समाज द्वारा 07 फरवरी 2026, दोपहर 12 बजे ग्राम माननखेड़ा के खेल मैदान में एकत्र होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

संघठन के प्रदेश अध्यक्ष मंगल चौहान ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का ऐलान करते हुए सर्व बाछड़ा समाज से सम्मिलित होने का आव्हान किया गया।

प्रदर्शन के उपरांत समाजजन खेल मैदान से पैदल मार्च करते हुए माननखेड़ा चौकी पहुँचेंगे, जहाँ लगभग दोपहर 3 बजे चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाज का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन संविधान के दायरे में रहते हुए पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।

बाछड़ा समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास नहीं किया जाएगा तथा पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। समाज ने प्रशासन से अपील की है कि इस सूचना को संज्ञान में लेकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

समाजजनों का कहना है कि किसी भी समुदाय को अपमानित करना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी ठेस पहुँचाने वाला कृत्य है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: क्रप्या न्यूज़ कॉपी न करे अन्यथा आपको DMCA दिया जाएगा